गुरुदेव श्री आशुतोष महाराज जी के मार्गदर्शन में दिव्य ज्योति जाग्रति संस्थान द्वारा कैंट ग्राउन्ड, चंडीगढ़ रोड, नजदीक राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, नवांशहर, पंजाब में 17 से 23 सितम्बर 2023 तक सात दिवसीय श्री राम कथा का आयोजन किया गया। कथा का मुख्य उद्देश्य आत्म-साक्षात्कार की परम विधि ‘ब्रह्मज्ञान’ द्वारा राम राज्य के अद्वितीय मार्ग की पुनर्स्थापना के महत्व को उजागर करना था। असंख्य श्रद्धालु इस दिव्य कथा के साक्षी बने।
कथा व्यास साध्वी श्रेया भारती जी (गुरुदेव श्री आशुतोष महाराज जी की प्रचारक शिष्या) ने अध्यात्म के गूढ़ संदेशों को बहुत ही सरल व सुंदर ढंग से प्रस्तुत किया। उन्होंने समझाया कि भगवान श्री राम शक्तिशाली होते हुए भी अपने सौम्य स्वभाव, विनम्रता व धर्मपरायणता के लिए जाने जाते हैं। ‘ब्रह्मज्ञान’ ही वह माध्यम है जो एक भक्त को भगवान श्री राम के गुणों व आदर्शों को जानने और समझने में सक्षम बनाता है। रामायण में वर्णित आध्यात्मिक रत्नों से भरपूर व जीवन को रूपांतरित करने वाले दृष्टांत हमें प्रभु श्री राम का अनुसरण व अंतर्घट में उनका साक्षात्कार करने के लिए प्रोत्साहित करते हैं। ईश्वर का अंतर्घट में दर्शन करने के उपरांत ही हम प्रभु श्री राम के प्रति भक्तिमति माँ शबरी जैसा समर्पण व तादात्म्य स्थापित कर सकते हैं।
अपने अंतःकरण में ईश्वर का साक्षात्कार व अनुभूति कर लेना ही ‘ब्रह्मज्ञान’ कहलाता है। जब एक जिज्ञासु समय के पूर्ण सतगुरु, जिन्होंने ब्रह्मज्ञान की विद्या में दक्षता प्राप्त की हो व दूसरों को भी यह ज्ञान प्रदान करने की क्षमता रखते हों, द्वारा अपने तृतीय नेत्र को जाग्रत करवाता है, तो उसे तत्क्षण अंतर्घट में ईश्वर की अनुभूति होती है।
हम सब बहुत सौभाग्यशाली हैं कि वर्तमान समय में परम श्रद्धेय श्री आशुतोष महाराज जी हमें पूर्ण सतगुरु के रूप में प्राप्त हुए हैं, जो जन-जन को ‘ब्रह्मज्ञान’ प्रदान कर विश्व में शांति स्थापित करने के लिए कटिबद्ध हैं।
कथा से प्रसारित होने वाली दिव्य तरंगों में सराबोर उपस्थित गणमान्य अतिथि व श्रद्धालुजन ईश्वर साक्षात्कार हेतु प्रेरित हुए। ऐसे मार्मिक विचारों ने उपस्थित श्रद्धालुओं को बहुत प्रभावित किया। सभी ने डीजेजेएस द्वारा किए गए समस्त प्रयासों की भरपूर सराहना की।