दिव्य ज्योति जाग्रति संस्थान (डीजेजेएस) द्वारा गुरुदेव श्री आशुतोष महाराज जी की दिव्य कृपा से कुरुक्षेत्र, हरियाणा में 19 से 25 फरवरी 2024 तक सात दिवसीय श्री राम कथा का आयोजन किया गया। कथा का मुख्य उद्देश्य गोस्वामी तुलसीदास जी द्वारा रचित श्री रामचरितमानस में वर्णित गूढ़ वृतांतों में दर्शायी गई प्रासंगिक शिक्षाओं को उद्घाटित करना था। ऐसी विचारपूर्ण शिक्षाओं से श्रद्धालुगण विभिन्न आध्यात्मिक रहस्यों से अवगत हुए और वे सच्ची आध्यात्मिकता के मार्ग पर अग्रसर होने को प्रेरित हुए।

श्री आशुतोष महाराज जी की प्रचारक शिष्या और कथावाचक साध्वी श्रेया भारती जी ने भगवान श्री राम के जीवन के अनेक पहलुओं को बहुत सुन्दरता से व्यक्त किया। उन्होंने अयोध्या के महत्व को भी प्रकट किया जो सदियों से देवताओं की आदि-नगरी भूमि रही है। आध्यात्मिक दृष्टि से हमारा शरीर भी अयोध्या का प्रतीक है। जब हमारे जीवन में एक पूर्ण आध्यात्मिक गुरु का आगमन होता है, तो वे हमारा ज्ञान चक्षु खोलते हैं, जिसके माध्यम से हम प्रभु श्रीराम के दर्शन अपने भीतर कर पाते हैं। इस प्रक्रिया का उल्लेख विभिन्न शास्त्रों में 'ब्रह्मज्ञान', 'आत्म-साक्षात्कार', 'आत्मज्ञान' के नाम से किया गया है।
आज यही ब्रह्मज्ञान दिव्य गुरुदेव श्री आशुतोष महाराज जी विश्वभर में जन जन को प्रदान कर रहे हैं। ब्रह्मज्ञान की ध्यान साधना से आज असंख्य लोगों के जीवन में सुंदर परिवर्तन आया है। श्रीराम कथा ने सभी को आनंदित करते हुए कई आध्यात्मिक पहलुओं पर विचार करने के लिए प्रेरित किया। अनेक श्रद्धालुओं ने ब्रह्मज्ञान प्राप्त करने के लिए अपने कदम बढ़ाए।

सुमधुर भजनों की श्रृंखला ने आगंतुकों का मार्गदर्शन किया और उन्हें भक्तिमयी भावनाओं से सराबोर भी किया। पंजाब केसरी, दैनिक जागरण, दैनिक सवेरा, जनमार्ग, उत्तम हिंदू आदि विभिन्न न्यूज पोर्टल्स द्वारा बड़े स्तर पर मीडिया कवरेज किया गया। सम्मानित अतिथिगण और श्रद्धालुओं ने दिव्यता से अभिभूत होते हुए डीजेजेएस द्वारा किए गए प्रयासों की भूरि भूरि सराहना की।