दिव्य ज्योति जाग्रति संस्थान द्वारा दिव्य गुरु श्री आशुतोष महाराज जी (संस्थापक एवं संचालक, डीजेजेएस) की कृपा से 4 अक्टूबर 2025 को लुधियाना, पंजाब में एक भव्य भजन संध्या ‘दिव्य क्रांति’ का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य व्यक्तियों में ब्रह्मज्ञान द्वारा आत्मिक रूपांतरण की मूल भावना को जागृत करना था। इसका मकसद उपस्थितजनों को अंतर्मुखी बनने के लिए प्रेरित करना था, ताकि वे पवित्रता, करुणा और उच्च चेतना का पोषण करते हुए यह समझ सकें कि स्थायी बाहरी प्रगति केवल भीतरी आध्यात्मिक विकास से ही संभव है।

इस दिव्य भक्ति संगीत की मधुर तरंगों ने संपूर्ण वातावरण को पवित्र और शांत बना दिया। प्रत्येक सुर से ऐसा दिव्य स्पंदन उठा, जिसने उपस्थित श्रोताओं के चंचल मन को स्थिर कर, हर हृदय को शांत व ग्रहणशील अवस्था में पहुंचा दिया। श्री आशुतोष महाराज जी के साधक शिष्यों द्वारा छेड़ी गई हर धुन आत्मा को छूती हुई प्रतीत हुई, मानो सांसारिक भटकाव को मिटाकर भीतर की शांति को जागृत कर रही हो, जिससे प्रत्येक साधक का मन और बुद्धि दिव्य ज्ञान को ग्रहण करने के लिए तैयार हो जाए।
इस भजन संध्या की मुख्य वक्ता एवं श्री आशुतोष महाराज जी की शिष्या साध्वी वैष्णवी भारती जी ने “दिव्य क्रांति” के गहन आध्यात्मिक सार को उद्घाटित किया। उन्होंने बताया कि सच्ची क्रांति बाहरी नहीं, बल्कि आंतरिक होती है, जो मानव हृदय में प्रारंभ होती है। समाज का सच्चा रूपांतरण केवल बाहरी परिवर्तनों से संभव नहीं, यह भीतरी चेतना के जागरण से ही संभव है। आज का विश्व नैतिक पतन, भावनात्मक अशांति और आध्यात्मिक शून्यता के संकटपूर्ण मोड़ पर खड़ा है। विज्ञान और तकनीक में असाधारण प्रगति के बावजूद, मानवता आज भी बेचैनी, लोभ और अलगाव से जूझ रही है।

साध्वी जी ने विशेष रूप से इस बात पर बल दिया कि आज की सबसे बड़ी जरूरत बाहरी तररकी की नहीं, बल्कि एक ऐसी दिव्य क्रांति की है, जो मानवीय आत्मा को दैवीय ज्ञान से प्रकाशित करती है और उसे अपने शाश्वत स्रोत से फिर से जोड़ भीतरी पुनर्जागरण की ओर बढ़ाती है। उन्होंने समझाया कि जब भीतर प्रकाश प्रज्वलित होता है, तभी बाहरी जगत में सच्ची शांति, समरसता और धर्म की स्थापना हो सकती है। अनेकों उदाहरणों और गूढ़ शास्त्रीय सन्दर्भों के माध्यम से, उन्होंने उपस्थित भक्तों से सच्चे आध्यात्मिक गुरु से ब्रह्मज्ञान प्राप्त कर इस पावन क्रांति के अग्रदूत बनने का आह्वान किया। साथ ही, उन्होंने समझाया कि यह भीतरी प्रकाश ही महान मानवीय परिवर्तन की चिंगारी है, जो “दिव्य क्रांति” का वास्तविक सार है, इसलिए इसे सम्पूर्ण विश्व तक प्रसारित करें।
कार्यक्रम में उपस्थित जन इस संदेश से गहराई से प्रभावित हुए और उन्होंने भावभिनन्दन के साथ अपना आभार भी व्यक्त किया। कार्यक्रम का समापन सर्वभौमिक शांति और कल्याण की सामूहिक प्रार्थना के साथ हुआ।
यह भजन संध्या कार्यक्रम हर आत्मा पर अमिट छाप छोड़ गया, प्रत्येक उपस्थित व्यक्ति को यह प्रेरणा देते हुए कि वे अपने भीतर परिवर्तन के दूत बनें और श्री आशुतोष महाराज जी के द्वारा प्रदत्त आध्यात्मिक जागरण के संदेश को आगे बढ़ाएँ।