Read in English

जगत जननी माँ दुर्गा इस सम्पूर्ण ब्रह्माण्ड का आधार है एवं सृष्टि के सृजन, संचालन एवं विघटन करने वाली वह सत्ता हैं जिनकी, सर्वोच्च शक्ति के रूप में पूजा की जाती है। दुर्गा अर्थात वह शक्ति जो हमें प्रत्येक कठिनाइयों से पार ले जाए। प्रत्येक मानव के भीतर निवास करने वाली माँ दुर्गा दिव्य शक्तियों का पुंज है एवं परिवर्तन कारी ऊर्जा एवं शक्ति का स्त्रोत है। गुरुदेव श्री आशुतोष महाराज जी के दिव्य मार्गदर्शन में दिव्य ज्योति जाग्रति संस्थान द्वारा 6 अक्टूबर, 2019 को दिव्य भवन, लंदन में माता की चौकी नामक कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

Mata Ki Chowki organized by DJJS Diffused the Elixir of Divine Energy at Hayes, London

भक्ति के रस में भीगे सुमधुर भजनों की अनुपम श्रृंखला ने सभी को मंत्रमुग्ध कर झूमने पर मजबूर कर दिया। इस कार्यक्रम में भावपूर्ण भजनों के साथ-साथ जीवन के वास्तविक लक्ष्य को समझाते, प्रेरणादायी एवं ओजस्वी सत्संग विचार भी प्रदान किये गए। आज मनुष्य माया की चकाचौंध में उलझ उस परमसत्ता को पूरी तरह से भूल चुका है जिसके परिणामस्वरूप सदैव दुःख एवं अवसाद में घिरा रहता है। जिस प्रकार आदि शक्ति विभन्न रूपों में प्रकट हो कर राक्षसों का विनाश करती है, ठीक उसी प्रकार एक पूर्ण सतगुरु भी हमें हमारे भीतर स्तिथ राक्षसों से लड़ने एवं उनका नाश करने हेतु ब्रह्मज्ञान रुपी अमोघ शस्त्र प्रदान करते हैं। चौकी में जलती अखंड ज्योति प्रतीक है उस ईश्वरीय प्रकाश एवं ज्ञान का जो प्रत्येक मानव के भीतर विद्यमान है और एक पूर्ण सतगुरु के माध्यम से प्रकट की जाती है । ब्रह्मज्ञान प्राप्ति के पश्चात ही हम माँ दुर्गा के वास्तविक ज्योति स्वरुप को पहचान सकते हैं। वर्तमान में गुरुदेव श्री आशुतोष महाराज जी भी ब्रह्मज्ञान की इस धधकती ज्वाला से जान-मानस के हृदयों को आलोकित कर रहे हैं।

इस विशेष कार्यक्रम में धार्मिकअनुष्ठानों  एवं पर्वों के पीछे निहित आध्यात्मिक रहस्यों से उपस्थित जन-मानस को अवगत कराया गया। कार्यक्रम में डीजेजेएस द्वारा समाज में व्याप्त कुरीतियों जैसे- कन्या भ्रूण हत्या, लैंगिक पक्षपात, महिलाओं के खिलाफ अपराध, बालिका शिक्षा आदि पर संस्थान द्वारा चलाए जा रहे विभन्न प्रकल्पों के बारे में भी बताया गया। कई लोगों ने संस्थान द्वारा चलाए जा रहे मिशन में अपना योगदान दिया। सत्य के सन्देश को प्रसारित करते इस कार्यक्रम का सभी ने आनंद उठाया।

Mata Ki Chowki organized by DJJS Diffused the Elixir of Divine Energy at Hayes, London

Subscribe Newsletter

Subscribe below to receive our News & Events each month in your inbox