योग भारत की वह अनमोल धरोहर है, जिसने हजारों वर्षों से मानव जीवन को स्वस्थ शरीर, शांत मन और आध्यात्मिक उन्नति का मार्ग दिखाया है। महर्षि पतंजलि द्वारा योगसूत्र में संकलित यह प्राचीन ज्ञान आज भी उतना ही प्रासंगिक है। यह हमें सिखाता है कि सच्चा स्वास्थ्य केवल शरीर तक सीमित नहीं होता, बल्कि मन, बुद्धि और आत्मा के संतुलन में ही सम्पूर्ण जीवन की खुशहाली छिपी है।

हर वर्ष 21 जून को पूरी दुनिया अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाती है। लेकिन एक सवाल हमेशा मन में आता है— बाकी के 364 दिनों में ऐसा क्यों नहीं होता है?
DJJS आरोग्य का मानना है —"योग सिर्फ एक दिन या कार्यक्रम नहीं, बल्कि जीवन जीने की एक सुंदर और स्वस्थ शैली है।"

महर्षि पतंजलि के इस अमूल्य सूत्र से प्रेरणा लेते हुए—स तु दीर्घकाल नैरन्तर्य सत्कारासेवितो दृढभूमिः॥
अर्थात् जो अभ्यास लंबे समय तक, बिना किसी रुकावट के और पूरे श्रद्धाभाव से किया जाता है, वही जीवन में स्थायी परिवर्तन लाता है।
इसी सोच के साथ DJJS आरोग्य ने वर्ष 2023 में 'योग 365' अभियान की शुरुआत की। इसका उद्देश्य लोगों को यह प्रेरणा देना है कि योग, ध्यान और स्वस्थ जीवनशैली को केवल एक दिन नहीं, बल्कि साल के 365 दिनों तक अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाया जाए।
आज जब तनाव, चिंता और जीवनशैली से जुड़ी बीमारियाँ लगातार बढ़ रही हैं, ऐसे समय में DJJS आरोग्य योग शिविरों, ध्यान सत्रों, स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रमों, जागरूकता कार्यशालाओं और #Take365DaysYogaChallenge के माध्यम से हजारों लोगों को नियमित योग अपनाने के लिए प्रेरित कर रहा है।
2023 से लगातार आगे बढ़ता एक जनआंदोलन
एक छोटे से संकल्प के रूप में शुरू हुआ यह अभियान आज देशव्यापी जनआंदोलन का रूप ले चुका है। वर्ष 2023 से अब तक योग 365 अभियान के अंतर्गत—
- 879 से अधिक वेलनेस गतिविधियाँ सम्पन्न हुईं।
- 1,11,968 से अधिक लोगों तक योग और स्वास्थ्य का संदेश पहुँचा।
- 28 संस्थानों के साथ साझेदारी स्थापित की गई।
- DJJS की 350 से अधिक शाखाओं के माध्यम से कार्यक्रम आयोजित किए गए।
इस आंदोलन ने शैक्षणिक संस्थानों, स्वास्थ्य सेवा संगठनों, सरकारी विभागों, सामुदायिक संस्थाओं, वेलनेस सेंटरों और आयुष मंत्रालय के 'योग संगम' कार्यक्रम के तहत शुरू की गई पहलों के साथ मिलकर छात्रों, नौकरी पेशेवरों, गृहिणियों, वरिष्ठ नागरिकों और युवाओं पर सकारात्मक प्रभाव डाला है।
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 : वैश्विक स्तर पर उत्साहपूर्ण आयोजन
इसी प्रेरणा को आगे बढ़ाते हुए अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 पर DJJS आरोग्य ने अपने प्रमुख कार्यक्रम "विलक्षण योग एवं ध्यान साधना शिविर" का आयोजन किया।
इस अवसर पर—
- विश्वभर के 179 स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित हुए।
- भारत के 16 राज्यों एवं केंद्रशासित प्रदेशों के 177 स्थानों पर योग दिवस मनाया गया।
- अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अमेरिका के फ्रेज़्नो (कैलिफोर्निया) तथा ऑस्ट्रेलिया के मेलबर्न में भी कार्यक्रम आयोजित किए गए।
इन आयोजनों में केवल योगासन ही नहीं, बल्कि प्राणायाम, ध्यान, स्वास्थ्य संबंधी प्रेरक व्याख्यान, जन-जागरूकता अभियान तथा निवारक स्वास्थ्य सेवाओं को भी शामिल किया गया।हजारों प्रतिभागियों ने इन कार्यक्रमों के माध्यम से तनाव कम करने, मानसिक शांति प्राप्त करने, शारीरिक संतुलन बनाए रखने और आध्यात्मिक विकास की दिशा में महत्वपूर्ण अनुभव प्राप्त किए।
राष्ट्रीय स्तर पर मिली सराहना
DJJS आरोग्य के इस प्रयास को देशभर में व्यापक सराहना मिली। सभी प्रमुख योग दिवस कार्यक्रम भारत सरकार के 'योग संगम पोर्टल' पर पंजीकृत किए गए, जिसके परिणामस्वरूप— 120 से अधिक योग संगम प्रमाण-पत्र प्राप्त हुए एवं अनेक प्रशंसा-पत्र और सम्मान-पत्र विभिन्न सरकारी एवं गैर-सरकारी संस्थाओं द्वारा प्रदान किए गए।
मीडिया में व्यापक पहचान
योग 365 अभियान को राष्ट्रीय, क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर व्यापक मीडिया कवरेज प्राप्त हुई। विभिन्न समाचार-पत्रों, डिजिटल मीडिया प्लेटफॉर्म्स और सामुदायिक समाचार माध्यमों ने DJJS आरोग्य के इस अनूठे प्रयास को प्रमुखता से प्रकाशित किया। दैनिक भास्कर, पंजाब केसरी, करनाल केसरी, एक्शन इंडिया, दिव्य हिमाचल, दैनिक सवेरा, जन मार्ग, राजस्थान पत्रिका, अमर उजाला, जन भारत मेल, द इंडियन सन (ऑस्ट्रेलिया) सहित अनेक प्रतिष्ठित समाचार माध्यमों ने DJJS के इस अभियान को प्रमुख स्थान दिया।
योग 365 अभियान के माध्यम से DJJS आरोग्य का उद्देश्य योग को केवल एक वार्षिक उत्सव नहीं, बल्कि हर व्यक्ति के दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाना है। आइए, केवल 21 जून का इंतजार न करें। योग को हर दिन अपनाएँ और हर दिन को योग दिवस बनाएँ।
