नई दिल्ली, 9 अगस्त 2025 – दिव्यज्योति वेद मन्दिर (DJVM) ने संस्कृत दिवस के अवसर पर एक भव्य ऑनलाइन कार्यक्रम का आयोजन किया, जिसमें भारत सहित विदेशों से जुड़े 150+ से अधिक प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्री विनायक हेगडे, पूर्व संगठन मंत्री, दिल्ली प्रांत एवं संस्कृत भारती उत्तर क्षेत्र के कार्यकारिणी सदस्य रहे। अपने प्रेरणादायी संबोधन में उन्होंने संस्कृत भाषा के संरक्षण, संवर्धन और दैनिक जीवन में प्रयोग की महत्ता पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम में श्लोक-पाठ, सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ, बाल नाट्य एवं नृत्य कार्यक्रम, रोचक प्रश्नोत्तरी, और संस्कृत एवं वैदिक ज्ञान पर आधारित चर्चाएँ प्रस्तुत की गईं। DJVM के ग्रंथ बोध बैच के विद्यार्थी एवं नन्हे वेदपाठी बच्चों ने अपने अनुभव साझा किए और संस्कृत सीखने के लाभ बताए।

विशेष सत्र में DJVM की सोशल मीडिया जागरूकता पहलों और विभिन्न आयु-वर्ग के लिए चल रहे संस्कृत पाठ्यक्रमों का परिचय भी दिया गया।
साध्वी दीपा भारती जी ने समापन सत्र में सभी का आभार व्यक्त किया और संस्कृत को जीवन का अंग बनाने व आने वाली पीढ़ी तक पहुँचाने का आह्वान किया।