दिव्य ज्योति जाग्रति संस्थान को गौ हत्या के खिलाफ तथा गौ संरक्षण के लिए संसद मार्ग, जंतर-मंतर पर आयोजित कार्यक्रम में आमंत्रित किया गया| इस कार्यक्रम में भारत के कोने-कोने से संत समाज एवं गौ भक्त सम्मिलित हुए| विभिन्न धर्म-मतों के गुरु एवं गौ संरक्षण के लिए कार्य करने वालों ने अपने विचारों को रखते हुए इस दिशा में एकजुट होने का प्रयास किया| संस्थान के प्रतिनिधि स्वामी विशालानंद जी ने भी गुरुदेव सर्व श्री आशुतोष महाराज जी के विचारों से सबको परिचित करवाया| स्वामी जी ने स्वदेशी गौ की महत्ता बताते हुए गौ संरक्षण की आवश्यकता को समझाया| गौ माँ सिर्फ दूध ही नहीं बल्कि कई प्रकार से मानव जाति की भलाई करती है| गौ मूत्र, पंचगव्य, गाय का गोबर आदि के फायदों पर शोध कर आज विदेशी पेटेंट हासिल करते जा रहे हैं| साथ ही उन्होंने बताया कि दवाइयां, मिटटी में सुधार, खेती में सहायता, ग्लोबल वार्मिंग, रोगों से बचाव जैसे कई मुद्दों और क्षेत्रों में उपजी समस्याओं का समाधान हमारी स्वदेशी गौ पूरे विश्व को दे रही है| परन्तु बेहद अफ़सोस की बात है कि हम भारतीय ही इसके प्रति उदासीन हैं| गौ हत्या को रोकना और स्वदेशी गायों का संवर्धन आज के समय की मांग है| अतः हमें जागना ही होगा| इस हेतु संस्थान द्वारा देश भर में चलाये जा रहे गौ-संरक्षण व संवर्धन कार्यक्रम- कामधेनु की कार्यशैली व सफल कार्यों के विषय में बताया गया| कार्यक्रम में अनेक गणमान्य व जानी-मानी हस्तियों की मौजूदगी रही| गौ माँ की महिमा और उनके संरक्षण के प्रति जागरूक होते हुए सबने इस दिशा में कार्य करने का दृढ़ संकल्प लिया|

